- एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से मेरठ में कराई जाएगी प्रतियोगिता
- कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा आयोजन, देशभर से जुटेंगे एथलीट
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से 1 व 2 सितंबर को कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में एथलेटिक्स सीरीज-15 का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता को लेकर क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से भी तैयारी शुरू कर दी गई है। मैदान को सीरीज के लिए तैयार किया जा रहा है।
एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से पहले 29 अगस्त को कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में एथलेटिक्स सीरीज कराने की योजना बनाई गई थी। अब यह प्रतियोगिता 1 व 2 सितंबर को होगी। प्रतियोगिता में मेरठ में देशभर से 500 से अधिक एथलीट प्रतिभाग करेंगे।
प्रतियोगिता में स्टार एथलीट भाला फेंक खिलाड़ी अन्नू रानी, एथलीट पारुल चौधरी, प्रियंका गोस्वामी समेत कई बड़े एथलीट प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके अलावा एथलेटिक्स सीरीज- 13 18 अगस्त को तेलंगाना में, इंडियन एथलेटिक्स सीरीज 14, 25 अगस्त को पंचकुला हरियाणा में, और एथलेटिक्स सीरीज फाइनल 10 सितंबर को नई दिल्ली में होगा। प्रतियोगिता को लेकर कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में तैयारी की जा रही है। जिला एथलेटिक संघ की ओर से भी तकनीकी टीम को लेकर तैयारी तेज कर दी गई है।