मेरठ। किठौर के कायस्थ बड्ढा में चार दिन पहले हुई आरिफ की हत्या का रविवार को पुलिस ने खुलासा कर दिया। खुद भाई ने अपनी प्रेमिका के कहने पर दोस्त के साथ मिलकर आरिफ की हत्या की थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस ऑफिस पर एसपी देहात राजेश कुमार ने प्रेसवार्ता कर बताया कि आरिफ (28) पुत्र इस्लाम निवासी कायस्थ बड्ढा की दो अगस्त की रात में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता ने गांव निवासी हसरत पुत्र फैयाज और उसके बेटे वकील पुत्र हसरत के अलावा बिंदर पुत्र अमरपाल निवासी भटीपुरा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इंस्पेक्टर किठौर किशनपाल सिंह ने नामजद तीनों आरोपियों को निर्दोष पाया।
एसपी देहात ने बताया कि हत्या में शामिल मृतक के भाई आसिफ व उसके दोस्त नूर मोहम्मद निवासी कायस्थ बढ्डा और सुनीता पत्नी बिंदर चौधरी निवासी भटीपुरा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद किया है। आरोपी आसिफ ने बताया कि सुनीता से उसके अवैध संबंध थे। इसका उसका बड़ा भाई आरिफ विरोध करता था। आसिफ ने बताया कि जब उसने सुनीता को बताया तो उसने पूरा प्लान बनाया। एसपी देहात ने बताया कि आरोपी ने फर्जी नामजदगी करा दी, जिससे वह खुद बच जाए।