संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। किला रोड स्थित गेम सिटी एरेना में चल रहे गट्स एंड ग्लोरी क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को असॉल्ट वॉरियर्स और मायरा टाइगर के बीच मैच हुआ। इसमें असॉल्ट वॉरियर्स की टीम ने 26 रन से जीत प्राप्त की।
मैच में मायरा टाइगर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए असॉल्ट वॉरियर्स की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में मात्र चार विकेट के नुकसान पर 252 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से रजत ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंद में 75 रन बनाए। जोनी तोमर ने 36 गेंदों में 75 रनों की पारी खेलकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
मायरा टाइगर्स की ओर से गेंदबाजी में रविंदर सिंह और अमर ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मायरा टाइगर की टीम ने भी जबरदस्त संघर्ष दिखाया और 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 226 रन बनाए। टीम के लिए रविंदर सिंह ने 36 गेंदों में 88 रनों की विस्फोटक पारी खेली। अमर ने 32 गेंदों में 63 रन बनाए। असॉल्ट वॉरियर्स की ओर से गेंदबाजी में कपिल ने तीन और रोहन ने दो विकेट लेकर अहम भूमिका निभाई। रजत को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच के बाद गेम सिटी एरीना के महा प्रबंधक नलिन अग्रवाल ने विजेता टीम को बधाई दी।