खरखौदा। आपसी वर्चस्व को लेकर चले आ रहे विवाद में रविवार को कैली के जंगल में ट्रैक्टर चला रहे एक युवक को कुछ अन्य युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। इसमें घायल पक्ष की ओर से जानलेवा हमले में मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव कूड़ी एवं कैली के युवकों में वर्चस्व को लेकर कई बार संघर्ष हो चुका है। यहां दोनों पक्ष एक-दूसरे पर कई बार हमला भी कर चुके हैं। उन्होंने एक-दूसरे के खिलाफ जानलेवा हमला समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज कराए हैं। गांव कैली में तीन दिन से तालाब की सफाई की जा रही है। जिसमें तालाब की सिल्ट ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर गांव के बाहर सड़क किनारे डाली जा रही है। गांव कूड़ी निवासी रणपाल पुत्र लीलू अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगा हुआ है। रणपाल के अनुसार रविवार दोपहर करीब दो बजे तुषार उर्फ चीकू, सौरभ, अभिषेक एवं छोटू समेत सभी लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि रणपाल पर लाठी-डंडे तथा लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें रणपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। इस पर अन्य ट्रैक्टर चालकों ने बीचबचाव कराया। इस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस मामले में घायल पक्ष ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।