मेरठ में दिल्ली पुलिस की परीक्षा की तैयारी कर रहे दो युवकों को वेस्टर्न कचहरी रोड पर बृहस्पतिवार को एक छात्रा से उसका मोबाइल नंबर मांगना भारी पड़ गया। छात्रा के शोर मचाने पर लोगों ने घेराबंदी करके मनचलों को पकड़ लिया और जमकर धुनाई की। पुलिस जानकारी पाकर मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उसने बताया कि एक आरोपी छात्रा को कई दिन से परेशान कर रहा था।
इंस्पेक्टर सिविल लाइन धीरज शुक्ला ने बताया आरोपी अंकित कुमार निवासी कलंजरी एवं रवि निवासी ओली माजरा बुढ़ाना मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी वेस्टर्न कचहरी रोड स्थित एक कोचिंग में दिल्ली पुलिस में भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। कोचिंग सेंटर में एक छात्रा भी एसएससी की तैयारी करती है। रवि उसका कई दिन से पीछा कर रहा था। छात्रा बृहस्पतिवार दोपहर कोचिंग से वापस विजयनगर स्थित कमरे पर जा रही थी। होप नर्सिंग होम के निकट दोनों आरोपियों ने छात्रा को रोक लिया। आरोप है कि रवि ने छात्रा का हाथ पकड़ा और उससे मोबाइल नंबर मांगने लगा। इसी दौरान करीब एक दर्जन युवक वहां पहुंचे और मनचलों को दबोच लिया। उनकी पिटाई कर माफी मंगवाई। आरोपियों ने दोबारा गलती नहीं करने की बात कहकर पीछा छुड़ाया और वहां से बाइक पर चल दिए। इसी दौरान वहां पहुंची पुलिस ने उनको गिरफ्तार कर लिया।