सीसीएसयू में आयोजित कार्यशाला में विशेषज्ञों ने दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) के महिला अध्ययन केंद्र की ओर से मां-एक जीवन बचाओ अभियान के अंतर्गत बुधवार को आशा कार्यकर्ताओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, एचपीवी संक्रमण से बचाव और टीकाकरण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने की। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य सेवाओं और जनजागरूकता की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके माध्यम से महिलाओं तक स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय समाजहित में नियमित रूप से निशुल्क एचपीवी टीकाकरण शिविर आयोजित कर रहा है और भविष्य में इस अभियान का दायरा और बढ़ाया जाएगा।
मुख्य वक्ता स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अरुणा वर्मा ने सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव और समय पर जांच की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वयन फार्मेसी की प्राचार्य डॉ. वैशाली पाटिल ने किया। केंद्र की समन्वयक प्रो. बिंदु शर्मा ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया। उद्घाटन सत्र में कुलसचिव प्रो. भूपेंद्र राणा और शोध निदेशक प्रो. बीरपाल सिंह भी मौजूद रहे।