250 केवी का ट्रांसफार्मर चोरी होते ही कई मोहल्ले अंधरे में डूबे
हस्तिनापुर। सोमवार को चोरों ने मुख्य मार्ग पर लगा 250 केवी का विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी कर लिया। इसके चलते कई मोहल्लों की आबादी अंधेरे में डूब गई। सुबह मौके विद्युत ट्रांसफार्मर कवर पड़ा देखा तो लोगों को ट्रांसफार्मर के चोरी होने की जानकारी मिली। जिसके बाद सूचना विद्युत विभाग के अधिकारियों को दी गई।
हस्तिनापुर चैतावाला मार्ग पर नहर के समीप 250 केवी का विद्युत ट्रांसफार्मर लगा था। जिससे पुराना हस्तिनापुर सहित कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति होती है। सोमवार की रात करीब 11 बजे चोरों ने चलती हाईटेंशन विद्युत लाइन की तार काट दी। इसके बाद चोरों ने ट्रॉसफार्मर का तेल, कॉपर और अन्य सामान निकाल लिया। सामान निकालने के बाद ट्रांसफार्मर का कवर वहीं छोड़कर फरार हो गए, जबकि यह ट्रांसफार्मर जाल के अंदर लगा था। विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी होने से कस्बे के पुराना हस्तिनापुर के मोहल्लों के लोग पूरी रात अंधेरे में रहे। खबर लिखे जाने तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगा था वही कॉलोनी की विद्युत आपूर्ति अन्य ट्रांसफार्मर से चालू कराई गई। विद्युत विभाग के जेई बिजेंद्र का कहना है कि विद्युत विभाग ट्रांसफर चोरी की घटना को रोकने के हर संभव प्रयास कर रहा है। ट्रांसफार्मर चोरी की घटना को रोकने के लिए जल्दी ट्रांसफार्मर को कवर किया जाएगा। सोमवार को हुई घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है।