शामली में कैराना से भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने किशोरी से गैंगरेप प्रकरण पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि घिनौनी मानसिकता वालों को पुलिस कानून का अहसास कराए। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। भाजपा सांसद ने कहा कि जैसा पाकिस्तान में होता है, वैसा हिंदुस्तान में नहीं होने देंगे।
शनिवार को हनुमान टीला स्थित अग्रसेन भवन में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक में किशोरी के साथ गैंगरेप प्रकरण में आरोपियों को रासुका में निरुद्ध करने की मांग उठी। साथ ही इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन से कठोर कदम उठाने की मांग की गई। भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने कहा कि ऐसी हरकतें घिनौनी मानसिकता का परिचायक हैं। या तो पुलिस प्रशासन ऐसे कुकृत्य करने वालों को सबक सिखाए और कानून का अहसास कराए, अन्यथा हम चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि योगी और मोदी के राज में ऐसी हरकतें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों को भी धर्म निरपेक्षता से ज्यादा तथ्यों पर गौर करना चाहिए। ऐसा नहीं होना चाहिए कि धर्मनिरपेक्षता के चक्कर में पीड़ितों के खिलाफ ही कार्रवाई कर दी जाए। कटाक्ष करते हुए कहा कि जाति विशेष के युवकों द्वारा ही ऐसी घटनाएं बार बार की जाती रही हैं, जो चिंता का विषय है।
वहीं, शामली से भाजपा विधायक तेजेंद्र निर्वाल और भाजपा जिलाध्यक्ष पवन तरार ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराने के लिए भाजपा पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ है। साथ ही पीड़ित परिवार को कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए आर्थिक सहायता भी दिलाई जाएगी।
पढ़ें : सांसद सत्यपाल सिंह के बहाने, PM मोदी ने साधे तीन निशाने