मेरठ। सदर बाजार क्षेत्र से करीब एक वर्ष पहले सराफ का सोना लेकर भागे कारीगर को पुलिस ने पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर मेरठ लेकर आई है। थापर नगर निवासी सराफ सतीश खरात ने बीते वर्ष 22 अगस्त को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसमें बताया था कि सदर क्षेत्र में उनकी शिवशंकर ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। उनके पास पश्चिमी बंगाल के जिला बर्द्धमान के गांव जाबुई डागा निवासी एन. करमाकर कारीगर के रुप में काम करता था। 18 अगस्त 2024 को उन्होंने एन. करमाकर को आभूषण बनाने के लिए 245.81 ग्राम सोना दिया था। 19 अगस्त को रक्षा बंधन के दिन एन. करमाकर एक डिब्बा उनके पुत्र प्रथमेश को यह बताकर दे गया कि इसमें आभूषण हैं। 20 अगस्त को वह दुकान पर नहीं आया। मोबाइल भी बंद था। शक होने पर उन्होंने एन. करमाकर का दिया डिब्बा खोलकर देखा तो उसमें तांबा और चांदी थी। पुलिस आरोपी को तभी से तलाश कर रही थी। सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि 29 जुलाई 2025 को सदर पुलिस ने आरोपी को पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले से गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश कर उसका चार दिन का ट्रांजिट रिमांड स्वीकृत कराकर अपने साथ ले आई। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।