मेरठ। सेना के 510 आर्मी बेस वर्कशॉप में कार्यरत कर्नल रैंक के अधिकारी में बुधवार रात कोरोना की पुष्टि के बाद कैंट इलाके में अलर्ट जारी कर दिया गया है। बृहस्पतिवार को अधिकारी के आवासीय इलाके को सील कर दिया गया। उनके साथ कार्यरत कर्मचारियों को भी क्वारंटीन किया गया है। सेना के प्रवक्ता ने सुरक्षा की दृष्टि से कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।
कर्नल को सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सेना की तरफ से उनकी ट्रेवल हिस्ट्री की जानकारी नही दी जा रही है। वहीं, पश्चिमी यूपी सब एरिया मुख्यालय की तरफ से कंकरखेड़ा स्थित सैन्य कॉलोनियों को सैनिटाइज कराया जा रहा है। कैंट इलाके में मेडिकल अलर्ट जारी कर दिया गया है। सैन्य अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा के साथ कार्यालय आने की हिदायत दी गई है। बाहर से आ रहे सैन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की ट्रेवल हिस्ट्री पर नजर रखी जा रही है। प्रवक्ता के अनुसार, सेना के अधिकारियों और कर्मचारियों की कोविड जांच मेडिकल कॉलेज में ही की जाती है। सैन्य अस्पताल से मेडिकल कॉलेज को सैंपल भेज दिए जाते हैं।
उल्देपुर में हॉट स्पॉट एरिया सील
गंगानगर। प्रशासन की ओर हॉट स्पॉट बनाए गए गांव उल्देपुर को पुलिस ने सील किया है। एसएचओ गंगानगर ब्रजेश शर्मा ने बताया कि क्षेत्र को सील कर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। राशन व दूध के लिए पास की व्यवस्था की गई है। दो जून की शाम गांव में कोरोना संक्रमित मिला था।