राजकीय महिला महाविद्यालय खरखौदा में दो दिवसीय दसवीं वार्षिक क्रीड़ा समारोह का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। राजकीय महिला महाविद्यालय खरखौदा में दो दिवसीय दसवीं वार्षिक क्रीड़ा समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. नीलम सिंह द्वारा किया गया। छात्राओं ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। छात्राओं द्वारा मार्चपास्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि को सलामी दी गई।
क्रीड़ा प्रभारी डॉ. रचना बालियान द्वारा सभी प्रतिभागी छात्राओं को शपथ दिलाई गई और क्रीड़ा के नियमों से अवगत कराया गया। गत वर्ष की चैंपियन छात्रा कुमारी सोफिया द्वारा मशाल दौड़ प्रस्तुत कर कार्यक्रम का सांकेतिक शुभारंभ किया गया। क्रीड़ा प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर दौड़, चक्र प्रक्षेपण, गोला प्रक्षेपण, भाला प्रक्षेपण, लंबी कूद, ऊंची कूद आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें महाविद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया।
ऊंची कूद प्रतियोगिता में आरजू राणा ने प्रथम, सोफिया ने द्वितीय स्थान व लकी सैनी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लंबी कूद प्रतियोगिता में साक्षी ने प्रथम स्थान, आरजू राणा ने द्वितीय और सोफिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भाला फेंक प्रतियोगिता में साक्षी ने प्रथम, आकांक्षा ने द्वितीय व माही ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चक्का फेंक प्रतियोगिता में साक्षी ने प्रथम, लकी सैनी ने द्वितीय और आरजू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्राचार्या ने विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं की विजेता छात्राओं को बधाई देकर उनका उत्साहवर्धन किया। इस मौके पर डॉ. सुमन सिंह, डॉ. पूर्णिमा भारद्वाज, नरेंद्र कुमार, डॉ. संदीप गुप्ता, डॉ. अंजली शर्मा, डॉ. गुरमीत सिंह उपस्थित रहे।