संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। ऊर्जा निगम की ओर से चलाई जा रही बिजली बिल राहत योजना का तीसरा चरण जारी है। विभाग ने बकायादार उपभोक्ताओं से अपील की कि वह निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना बकाया जमा कर विशेष छूट का लाभ उठाएं। योजना की समाप्ति में अब करीब 15 दिन शेष हैं।
बिजलीघर सरधना में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत बकाया बिलों पर लगने वाला संपूर्ण ब्याज माफ किया जा रहा है। साथ ही मूल धनराशि में भी 15 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। यह सुविधा घरेलू, व्यावसायिक और अन्य सभी श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए लागू है। उन्होंने बताया कि बिजली चोरी से जुड़े मामलों में भी विभाग द्वारा विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे संबंधित उपभोक्ता जुर्माना और कानूनी कार्रवाई से राहत पाकर अपने कनेक्शन को नियमित करा सकते हैं।
अवर अभियंता संजीव कुमार ने कहा कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कार्यालय स्तर पर आवश्यक व्यवस्था की गई है। उन्होंने अपील की कि अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना शीघ्र कार्यालय पहुंचकर बकाया जमा करें।