सरधना। सुभारती अस्पताल में कोरोना पॉजिटिव सुनील जैन की मौत के बाद नगर में हड़कंप मच गया। वहीं एक मामले में आढ़ती को थाने लाने वाले पुलिसकर्मियों में दहशत है। परिजनों और व्यापारियों में शोक की लहर है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आढ़ती के सात परिजन और सात पुलिसकर्मियों के बृहस्पतिवार को सैंपल भेजे थे। इनमें से तीन परिजनों और छह पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। बाकी की रिपोर्ट अभी पेंडिंग है।
मोहल्ला तारनी स्ट्रीट निवासी सुनील जैन (50) मंडी में गेहूं आढ़ती था। सीएचसी प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि 26 मई को सुनील गुरुग्राम किसी रिश्तेदारी में गया था। वहां से लौटने के बाद एक सप्ताह बाद उसे खांसी और बुखार की शिकायत हुई। उधर 3 जून को पुलिस ने मंडी गेट पास न होने पर गेहूं से लदी एक गाड़ी को पकड़ लिया। इस मामले में पुलिस सुनील को थाने ले गई थी। गेट पास दिखाने पर पुलिस ने उन्हें घर भेज दिया था। अगले दिन तबीयत ज्यादा खराब होने पर स्वास्थ्य विभाग ने उनका सैंपल जांच के लिए भेज दिया। रिपोर्ट आने से पहले ही सुनील 5 जून को खुद सुभारती में जाकर भर्ती हो गया। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग ने परिजन और पुलिसकर्मी सहित 14 लोगाें के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। शुक्रवार को सुनील की मौत होने से नगर और पुलिसकर्मियों में दहशत है। वहीं शुक्रवार सुबह मंडी परिसर में व्यापारी एकत्र हुए और सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए सुनील जैन को श्रद्धांजलि दी।
परिजनों ने सुभारती में किया हंगामा
जानीखुर्द। आढ़ती सुनील जैन की मौत के बाद शव ले जाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं होने पर परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से इसकी शिकायत की। सूचना पर जानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर शांत किया। इस दौरान एंबुलेंस भी आ गई। इसके बाद परिजन शव लेकर चले गए।
कोरोना महामारी से निजात को किया यज्ञ
सरधना। मंडी आढ़ती सुनील जैन की कोरोना से मौत के बाद नगर में दहशत का माहौल है। शुक्रवार को सरधना व्यापार मंडल द्वारा कोरोना महामारी से निजात को बूढ़ा बाबा मंदिर में हवन यज्ञ किया गया। नगर अध्यक्ष पंकज जैन, नीरज जैन, संजीव जैन, अजय गौतम, मंदिर प्रबंधक ब्रजमोहन, पंकज टाली आदि मौजूद रहे। उधर, मोहल्ला गंज बाजार में व्यापारियों द्वारा एक शोक सभा मैन बाजार की सड़क पर खडे़ होकर की गई। उन्होंने सुनील जैन को श्रद्धांजलि दी।