मेरठ। हज-2025 की यात्रा के लिए प्रशिक्षकों की चयन प्रक्रिया के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। 13 दिसंबर तक आनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। चयन प्रक्रिया पूरी होने बाद दिल्ली में दो दिन प्रशिक्षण दिया जाएगा।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी मोहम्मद रुहेल आजम ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की ओर से प्रशिक्षक पद के लिए आवेदन मांगे गए हैं। आनलाइन आवेदन हज कमेटी आफ इंडिया की वेबसाइट पर ही किए जाएंगे। आफलाइन आवेदन नहीं लिए जाएंगे। इसी माह के तीसरे सप्ताह में आवेदन करने वालों की परीक्षा ली जाएगी। इसके बाद जनवरी के प्रथम सप्ताह में दिल्ली में प्रशिक्षण होगा। उन्होंने बताया कि 150 हज यात्रियों पर एक प्रशिक्षक रखा जाएगा।
आजम के मुताबिक प्रशिक्षक शिक्षित, ईमानदार, कुशल, मेहनती, मृदुभाषी होना चाहिए। आवेदक की उम्र 25 वर्ष से कम न हो और 60 साल से अधिक न हो। आवेदक के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं होना चाहिए। उसे अंग्रेजी, हिंदी, उर्दू और स्थानीय भाषा का ज्ञान हो। इसके साथ ही पिछले पांच साल में एक बार जरूर हज यात्रा की हो।