खरखौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पल्स पोलियो के बारे में अभिभावकों से जानकारी लेते अधिकारी
खरखौदा। पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अतुल कुमार ने रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ खरखौदा क्षेत्र का भ्रमण कर अभियान का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न बूथों एवं टीमों के कार्यों का जायजा लिया और घर-घर किए जा रहे चिह्नांकन (मार्किंग) की भी जांच की।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. प्रवीण गौतम ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि पांच वर्ष से कम आयु के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत की उपलब्धि को बनाए रखने के लिए प्रत्येक बच्चे तक हर बार पोलियो की खुराक पहुंचाना आवश्यक है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की दवा पिलाने के साथ अभिभावकों को नियमित टीकाकरण एवं पोलियो उन्मूलन के प्रति भी जागरूक किया। निरीक्षण के दौरान सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रफुल्ल वर्मा, डॉ. विनोद कुमार, डॉ. भावना, अल्पना त्यागी, राहुल कुमार, कर्मवीर सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।