शोकसभा में पहुंचे अतुल प्रधान और संगीत सोम, न्याय की मांग
दोनों नेताओं ने परिवार के लोगों को दिया हरसंभव मदद का भरोसा
माई सिटी रिपोर्टर/संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ/दौराला। चिरौड़ी गांव की राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का की शोकसभा में बुधवार को बड़ी संख्या में लोग शोक संवेदनाएं व्यक्त करने उनके घर पहुंचे। परिवार और ग्रामीणों ने खुलासे पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई। इसके बाद भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम के साथ एडीजी भानु भास्कर से मिलने पहुंचे। यहां उन्हें वारदात की रात की सीसीटीवी फुटेज दिखाई और हत्याकांड में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
शोकसभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और जनप्रतिनिधियों ने पहुंचकर दिवंगत खिलाड़ी को श्रद्धांजलि दी। यहां पहुंचे सपा विधायक अतुल प्रधान ने कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। परिजनों को साथ लेकर पुलिस अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार से परिवार को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। कहा, एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी की असमय मौत पूरे क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति है। पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए।
पूर्व विधायक संगीत सोम ने भी शोकसभा में पहुंचकर अनुष्का को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह हर स्तर पर प्रयास करेंगे और जरूरत पड़ने पर शासन-प्रशासन से भी बात करेंगे। शोकसभा के दौरान परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताया। उनका कहना था कि पुलिस ने मामले का खुलासा तो कर दिया लेकिन उन्हें ऐसे कोई ठोस साक्ष्य नहीं दिखाए हैं। इनसे वे पूरी तरह संतुष्ट हो सकें। ग्रामीणों ने कहा कि मामले के कई पहलुओं पर अभी भी सवाल बने हुए हैं और निष्पक्ष जांच से ही सच्चाई सामने आ सकेंगी।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ. संजीव चिरौड़ी ने बताया कि शोकसभा के बाद परिजन व ग्रामीण पूर्व विधायक संगीत सोम के साथ एडीजी से मिलने उनके दफ्तर गए। एडीजी ने उन्हें वारदात से कुछ देर पहले की सीसीटीवी फुटेज दिखाई। इसमें अनुष्का और आरोपी दिखाई दिए। उन्होंने इस संबंध में मेरठ पुलिस को निष्पक्ष जांच का निर्देश दिया है।
-