मेरठ में नगर निगम में काम के नाम पर वसूली का एक और मामला सामने आया है। एंटी करप्शन टीम ने सोमवार को बाबू दीपक कुमार और अनुचर राहुल कुमार को 1.50 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। 3.96 लाख का गृहरकर 50 हजार रुपये करने के लिए राजस्व निरीक्षक, बाबू और अन्य कर्मचारियों ने मिलकर दो लाख रुपये की रिश्वत की मांग व्यापारी से की थी।
ईव्ज चौराहा स्थित व्यापारी सुधांशु महाराज की रत्नों की दुकान है। वह संयुक्त व्यापार संघ के मीडिया प्रभारी एवं भाजपा नेता भी है। नगर निगम के गृहकर विभाग ने उनकी दुकान का 3.96 लाख रुपये हाउस टैक्स लगाकर नोटिस भेजा था। आरोप है कि एक महीने पहले गृहकर विभाग से राजस्व निरीक्षक अनुपम राणा, बाबू दीपक कुमार सहित आठ कर्मचारी दुकान को सील करने के लिए पहुंचे थे।