जिम और स्वीमिंग पूल का होगा वार्षिक पंजीकरण
मेरठ। जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति का नवीन गठन हुआ। समिति में पहले की तरह डीएम अध्यक्ष, एसएसपी उपाध्यक्ष होंगे। समिति में सीडीओ, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद के सभी विधायक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक सहित 25 अधिकारी शामिल होंगे। बृहस्पतिवार को समिति के गठन के बाद जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की प्रथम बैठक आयोजित की गई।
बैठक में तय हुआ कि जिम व स्वीमिंग पूल संचालकों से पंजीकरण के लिए 15-15 हजार रुपए वार्षिक शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा शराब बिक्री लाइसेंस, असलहा लाइसेंस बनवाने वालों को प्रोत्साहन समिति के लिए 5-5 हजार रुपए देने होंगे। बैठक की अध्यक्षता कर रही सीडीओ ईशा दुहन ने जनपद में खेलों में सुधार के लिए इंफ्रास्टक्चर पर जोर दिया। स्टेडियम में कुश्ती हॉल, बॉक्सिंग हाल, बैडमिंटन हॉल सहित अन्य खेलों के लिए राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय सुविधाएं होंगी। उन्होंने कहा कि स्टेडियम में मरम्मत व नवीनीकरण के कार्यों का एक एकीकृत प्रोजेक्ट बनाकर शासन को भेजें। क्षेत्रीय क्रीडा अधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार के खेल विभाग ने अशक्त व बुजुर्ग खिलाड़ियों को पेंशन देने की व्यवस्था की है। जो राज्य स्तर प्रतिनिधित्व पर 4 हजार रुपए, राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व पर 6 हजार रुपए व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व पर10 हजार प्रतिमाह हैं। बैठक में दिव्यांग खिलाड़ियों को 60 हजार रुपए कीमत वाला 600 ग्राम का जेवलिन देने का प्रस्ताव पास हुआ। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट सत्येन्द्र कुमार सिंह, अपर नगरायुक्त श्रद्धा शांडिलयान, अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित अलका तोमर, राजेश चौधरी, भूपेंद्र यादव, लक्ष्यराज त्यागी, मिर्जा शाहबाज बेग, अशोक सिंह, नरेन्द्र शर्मा, योगेश कुमार, नमन भारद्वाज, सत्य प्रकाश राघव, डॉ. एसपी सिंह, पीपी सिंह मौजूद रहे।