संवाद न्यूज एजेंसी
बहसूमा। क्षेत्र के गांव महमूदपुर सिखेड़ा में सगे भाई अंकुर की हत्या के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार शाम गांव निवासी एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है।
गांव महमूदपुर सिखेड़ा में सगे भाई अंकुर की हत्या के मामले में आरोपी कपिल जेल में है। मृतक की मौसी जयवीरी व ग्रामीण पहले ही दावा कर चुके हैं कि गांव के युवक सहित कई लोग इस हत्या में शामिल हैं। इस मामले में गांव के एक युवक का नाम उछलने पर पुलिस हरकत में आई। जेल में बंद आरोपी कपिल की पत्नी और संदिग्ध युवक की मां के बीच गांव में तकरार भी हुई थी। पुलिस ने पूरे मामले की गहनता से जांच की और मामले से उच्च अधिकारियों को अवगत कराया।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने गांव निवासी एक युवक को झुनझुनी नहर पुल से हिरासत में ले लिया। युवक से घटना में उसकी भूमिका व अन्य तथ्यों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस अंकुर हत्याकांड से जुड़े शेष तथ्यों को खंगालने में जुटी है।
सीओ मवाना पंकज लवानिया का कहना है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जो भी नाम प्रकाश में आएगा खुलासा किया जाएगा।