नर्स की गला दबाकर की थी हत्या, मेडिकल कॉलेज इमरजेंसी के गेट पर छोड़ा था शव
बहन साजिदा और उसकी मदद करने वाले जबर सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है पुलिस
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। नर्स अंजलि शर्मा की गला दबाकर हत्या करने के मुख्यारोपी सूफियान को मेडिकल थाना पुलिस ने रविवार देर रात गिरफ्तार कर लिया। सूफियान पर आरोप है कि उसने अपनी बहन साजिदा के साथ मिलकर नर्स की गला दबाकर हत्या कर दी थी। साजिदा और उसकी मदद करने के आरोपी वार्ड बॉय जबर सिंह को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार सेक्टर-तीन की रहने वाली मेडिकल कॉलेज की नर्स अंजलि शर्मा का शव बृहस्पतिवार दोपहर साजिदा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर फेंककर भाग गई थी। अंजलि शर्मा की शादी वर्ष 2018 में मेडिकल थाना क्षेत्र के जागृति विहार सेक्टर-8 निवासी सनी के साथ हुई थी। दोनों का पांच साल का एक बेटा भी है। करीब एक वर्ष से अंजलि अपने भाई प्रदीप के पास रह रहीं थीं। अंजलि शर्मा के भाई प्रदीप शर्मा ने आरोप लगाया था कि लिसाड़ी गेट निवासी पूर्व वार्ड बॉय सूफियान अंजलि शर्मा पर धर्मपरिवर्तन व शादी का दबाव बना रहा था। उसे इस तरह की हरकत पर ही मेडिकल कॉलेज से हटा दिया गया था। शादी से इन्कार करने पर सूफियान ने अपनी बहन साजिदा के साथ मिलकर लोहिया नगर स्थित किराये के घर में गला दबाकर हत्या कर दी थी। साजिदा एक ई-रिक्शा में अंजलि के शव रखकर मेडिकल कॉलेज पहुंची और इमरजेंसी गेट पर छोड़कर भाग गई थी।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आरोपी को मेडिकल थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से वारदात के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
-