मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र में हनी ट्रैप का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सरधना की एक युवती शशि ने पिलखुवा के पशु व्यापारी शान को अपने प्रेम जाल में फंसाकर बंधक बना लिया। इसके बाद युवती ने अपने भाई अंकित व अन्य साथियों के साथ मिलकर व्यापारी से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी।
हंगामा होने पर लोगों की सूचना पर लोहियानगर पुलिस ने मकान पर छापा मारकर पशु व्यापारी और उसके दो दोस्तों को मुक्त कराया और मौके से युवती शशि और उसके भाई अंकित को गिरफ्तार कर लिया, जबकि मकान मालिक सागर भारती और समेत तीन आरोपी भाग गए।
सहायक पुलिस अधीक्षक अंतरिक्ष जैन ने बताया कि हापुड़ जनपद के पिलखुवा निवासी पशु व्यापारी शान मोहम्मद के मोबाइल पर करीब सात दिन पहले सरधना के ग्वाली खेड़ा निवासी शशि की मिस्ड कॉल आई थी। बातचीत शुरू हुई तो शशि ने शान को प्रेम जाल में फंसा लिया। सोमवार शाम को शशि ने शान को मिलने के लिए लोहियानगर के काजीपुर स्थित हिस्ट्रीशीटर सागर भारती के घर बुलाया। यहां पहले से माैजूद शशि के भाई अंकित, मकान मालिक सागर भारती और उनके साथी माैजूद थे। आरोप है कि जब व्यापारी वहां पहुंचा तो युवती के इशारे पर सभी आरोपी वहां पहुंच गए और उसे बंधक बना लिया। आरोपियों ने रिहाई के बदले उनसे 10 लाख रुपये की मांग की।
फिराैती की रकम पर हुआ विवाद, दोस्तों को भी बंधक बनाया
घबराए व्यापारी ने समझौते के लिए अपने दो दोस्तों को बुलाया। आरोपियों ने उनसे भी बातचीत कर फिराैती की रकम कम करने को कहा। इसके बाद आरोपियों ने सात लाख रुपये में पशु व्यापारी को छोड़ने की बात कही। फिरौती की रकम ज्यादा होने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोपियों ने व्यापारी के दोनों दोस्तों को भी बंधक बना लिया। इसी बीच व्यापारी का एक दोस्त किसी तरह चंगुल से छूटकर बाहर भागा और शोर मचा दिया। शोर सुनकर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही लोहियानगर पुलिस ने मकान पर छापा मारा। पुलिस को देख मकान मालिक और हिस्ट्रीशीटर सागर भारती समेत तीन आरोपी फरार हो गए लेकिन पुलिस ने मौके से युवती शशि और उसके भाई अंकित को दबोच लिया। पुलिस ने कमरे में बंद व्यापारी और उसके दोनों दोस्तों को सकुशल मुक्त कराया। पुलिस ने थाने में लाकर आरोपियों से पूछताछ निकली जहां पूरा मामला हनी ट्रैप का निकला।
हिस्ट्रीशीटर चला रहा था गैंग
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि यह पूरी घटना एक सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दी गई थी। फरार आरोपी सागर भारती लोहियानगर थाने का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस ने पीड़ित व्यापारी की तहरीर पर बंधक बनाने और फिरौती मांगने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस कर रही पूछताछ
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है कि वे अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बना चुके हैं।फरार सागर भारती और उसके दो अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो टीमें गठित की गई हैं।गिरोह के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।