मवाना। भैंसा मार्ग पर स्थित नाले में शुक्रवार शाम पशु अवशेष मिलने की जानकारी होने पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। विहिप व बजरंग दल कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और रोष व्यक्त किया। नाले में पड़े अवशेषों को बाहर निकलवाया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को शांत करते हुए अवशेषों के नमूने जांच के लिए भिजवाते हुए बाकी अवशेष को जमीन में दबवा दिया।
मेरठ मार्ग पर स्थित राफन चौराहे के सामने से भैंसा गांव को जाने वाले मार्ग पर मिल के पास स्थित नाले में लोगों ने पशु अवशेष देखे। इसकी जानकारी पुलिस के साथ-साथ विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल को भी दी। सूचना मिलते ही संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और नाले में उतरकर अवशेषों को बाहर निकलवाया।
बताया कि अवशेषों में दो पशुओं के सिर सहित शरीर के अन्य अंग एक कट्टे में मिले। मौके पर मवाना खुर्द पुलिस चौकी प्रभारी सतेंद्र कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और नमूने सुरक्षित कराए। स्थानीय लोगों की मदद से पास के जंगल में गड्ढा खुदवाकर अवशेषों को दबवा दिया। घटना के बाद बजरंग दल कार्यकर्ताओं में रोष है। उनका कहना है कि क्षेत्र में लगातार गोकशी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस इन पर अंकुश नहीं लगा पा रही है। कुछ दिन पहले कुड़ी की झाल के पास रजबहे में भी पशु अवशेष मिले थे। इस मौके पर विहिप व बजरंग दल के निखिल गुप्ता, पप्पू जाटव, एहसास उपाध्याय, हर्ष रस्तोगी, अभिषेक रस्तोगी, हिमांशु अग्रवाल, राष्ट्रीय हिंदू संघर्ष समिति के अध्यक्ष रजनीश रोहल, अंकुर सैनी, दर्शन सिंह सहित आदि थे।
सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।