- पुलिस ने तेल छिड़कने वाले युवक व उसके भाई गिरफ्तार किया
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। मोदीपुरम निवासी दिलावर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कुछ युवकों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। दूसरे पक्ष के दिवाकर उर्फ मनीष ने पुलिस कार्रवाई से नाराज होकर थाने के सामने तेल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने उसके हाथ से माचिस छीन ली। पुलिस ने तेल छिड़कने वाले दिवाकर व उसके भाई विशाल को शांति भंग की धारा में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि मोदीपुरम निवासी रोहित दिलावर ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि कस्बे की अंबेडकर मार्केट में उसका कार्यालय है। एक सप्ताह पूर्व वह निजी कार्य से मेरठ गया था। वहां उसे गांव बस्तोेरा नारंग निवासी एक व्यक्ति मिला। उसने उससे जिक्र किया कि उसका पत्नी से विवाद चल रहा है। तभी उसकी पत्नी के भाई हस्तिनापुर निवासी दीपक ने उसे देख लिया। उसने इसकी जानकारी अपने भाई दिवाकर उर्फ मनीष को दी। उसने रोहित दिलावर को जान से मरवाने की धमकी दीं। पीड़ित ने उसके अन्य गैरकानूनी कार्यों में लिप्त होने की शिकायत करते हुए मुकदमा दर्ज कराया।
इस पर दिवाकर उर्फ मनीष ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि पुलिस दूसरे पक्ष का साथ दे रही है। जबकि उसके भाई का एडिट कर अवैध हथियार के साथ फोटो बनाया गया और उसके बदले में दूसरे पक्ष के व्यक्ति द्वारा ब्लैकमेल कर पैसे की मांग की जा रही है। पुलिस द्वारा इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं करने पर मनीष ने अपने परिवार के साथ थाने पहुंचकर आत्मदाह का प्रयास किया।
पुलिस का कहना है कि दिवाकर उर्फ मनीष ने बृहस्पतिवार को अपने भाई विशाल, दीपक, विक्कू आदि के साथ मिलकर रोहित दिलावर के कार्यालय पर पहुंचकर उसके साथ मारपीट की। इसके बाद वह अपने परिवार के साथ थाने के बाहर पहुंचा और तेल छिड़ककर आत्मदाह का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने उसके हाथ से माचिस छीन ली। पुलिस ने तेल छिड़कने वाले दिवाकर व उसके भाई विशाल को शांति भंग गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष शशांक द्विवेदी का कहना है कि मारपीट की घटना में निर्दोष सिद्ध करने लिए उन्होंने यह ड्रामा रचा है।