चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) में स्नातक व स्नातकोत्तर की डिग्रियां समय पर नहीं मिलने से नाराज छात्रों ने बुधवार को परीक्षा नियंत्रक कार्यालय का घेराव किया। छात्रों ने टेंडर प्रक्रिया में कमीशनखोरी का आरोप लगाते हुए तत्काल डिग्री जारी करने की मांग की।
छात्र नेता शान मुहम्मद के नेतृत्व में सैकड़ों छात्र परीक्षा नियंत्रक प्रो. वीरेंद्र कुमार मौर्य के कार्यालय पहुंचे और नारेबाजी की। शान मुहम्मद ने कहा कि 2024 बैच की डिग्रियां छपाई का काम दिल्ली की केवीआर कंपनी को टेंडर दिया गया था, लेकिन दो-तीन महीने बाद भी कंपनी डिग्री देने में असफल है। अब 2025 बैच की डिग्रियों के लिए मुंबई की पिंटो ग्राफी कंपनी को टेंडर देने की तैयारी है। जिसे काम और देरी से होगा इस कारण छात्रों को छह महीने से अधिक इंतजार करना पड़ सकता है।
छात्रों का कहना था कि विश्वविद्यालय मार्कशीट तो तत्काल प्रिंट करके दे देता है, फिर डिग्री के लिए अपनी प्रिंटिंग मशीन क्यों नहीं खरीदता। ऐसा करने से छात्रों को राहत मिलेगी और टेंडर में कमीशनखोरी की संभावना भी खत्म हो जाएगी। छात्रों ने पुरानी व्यवस्था बहाल करने, गलत नाम वाली डिग्रियां तत्काल बदलने और मार्कशीट प्रिंटिंग को सुचारू करने की मांग की। घेराव के दौरान प्रेम चौधरी, अजय चौधरी, सलमान सोम, वसीम नंबरदार, अनस सहित आदि छात्र मौजूद रहे।