पर्यटकों से गुलजार रही प्राचीन नगरी
हस्तिनापुर। नववर्ष पर महाभारतकालीन ऐतिहासिक नगरी पर्यटकों से गुलजार रही। घना कोहरा होने के बाद भी सैकड़ों पर्यटक हस्तिनापुर घूमने के लिए पहुंचे। दोपहर को निकली धूप में भ्रमण का खूब आनंद उठाया।
कोरोना के कारण श्रद्धालुओं और पयर्टकों के न आने से हस्तिनापुर नगरी सुनसान पड़ी थी। नववर्ष पर सैकड़ों पर्यटकों के आने से काफी चहल-पहल रही। सुबह ही दूरदराज से आए ज्यादातर लोग अपने वाहनों से परिवार सहित पहुंचे। कैलाश पर्वत में बनी मंदिरों की श्रृंखलाओं व पार्क में लगे झूलों का बच्चों और महिलाओं ने आनंद लिया। वहीं तीर्थधाम जंबूद्वीप में भी सैकड़ों लोगों ने ऐरावत हाथी की सैर का आनंद लिया, साथ सेल्फी ली। जंबूद्वीप परिसर में बना कमल मंदिर पर्यटकों की सेल्फी का केंद्र रहा। वहीं प्राचीन दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में शाम तक भीड़ रही। ऐतिहासिक नगरी में प्राचीन जयंती माता शक्ति पीठ मंदिर, प्राचीन पांडेश्वर महादेव मंदिर, दानवीर कर्ण मंदिर, द्रोपदी घाट पर लोगों ने पूजा-अर्चना की। वहीं सभी मंदिरों पर पुलिस तैनात रही।