मानसी को क्यों नहीं दिया हॉस्पिटल का अधिकार
हरिओम आनंद के साथ उनकी बेटी मानसी आनंद हॉस्पिटल में बैठती थीं। हरिओम ने अपने जीवित रहते हुए बेटी मानसी को हॉस्पिटल का अधिकार क्यों नहीं दिया। आकाश खन्ना को हरिओम आनंद के द्वारा ही डायरेक्टर बनाया गया। ऐसी कई सारी बातें हैं जिसमें हरिओम आनंद अपनी बेटी को हॉस्पिटल से दूर रखते थे।
शेयरधारकों ने यह तमाम बातें कहते हुए एसपी सिटी को हॉस्पिटल से जुड़े कई साक्ष्य भी सौंपे हैं। कहा कि मानसी बार-बार अपने बयान क्यों बदल रही हैं, यह बात जल्द सबके सामने खुल जाएगी। कहा कि हरिओम आनंद ने जीवित रहते हुए हॉस्पिटल में कोई बड़ा अधिकार मानसी को नहीं दिया था। यह बात सब लोग जानते हैं। डॉक्टर्स और शेयरधारक सभी की जानकारी में यह बातें हैं।
मानसी मेरी बेटी जैसी, सलाहकार कर रहे भ्रमित
एसपी सिटी ऑफिस में बयान देने पहुंचे जीएस सेठी ने कहा कि मानसी आनंद मेरी बेटी समान है। हरिओम आनंद को मैंने हमेशा अपना बड़ा भाई माना है। मानसी को गलत सलाह देने वाले बरगला रहे हैं। हरिओम आनंद के सामने और उनकी मौत के दो दिन तक मानसी से कभी कोई मतभेद नहीं हुआ, आज भी नहीं हैं।
गलत सलाह देने वाले ही मानसी को भ्रमित कर रहे हैं। बार-बार उसके बयान बदलवा देते हैं। आनंद हॉस्पिटल में सबसे ज्यादा शेयर जीएस सेठी के हैं, इसकी जानकारी हरिओम आनंद और मानसी समेत उनके पूरे परिवार को हैं। मैंने कभी भी हरिओम आनंद पर कोई भी दबाव नहीं बनाया।
मानसी ने खुद फोन किया, ऑडियो सौंपा है
शेयरधारक ललित भारद्वाज ने बताया कि 27 जून को वह दिल्ली में थे। मानसी का फोन आया था। पिता हरिओम आनंद की मौत का मानसी को जितना दुख था उससे ज्यादा गम मुझे था। हरिओम आनंद मेरे बड़े भाई जैसे थे। जब भी हॉस्पिटल को लेकर बातचीत हुई तो मैं उनको समझाता रहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। सब लोग आपस में मिलकर आनंद हॉस्पिटल को चलाएंगे।
करीब 5 मिनट मानसी से बात हुई। अगले दिन मानसी द्वारा दिए गए बयान में मेरा नाम उत्पीड़न में आया। मैंने मानसी को फोन किया। जिसमें मानसी ने साफ इंकार कर दिया कि उसके द्वारा कोई भी गलत बयान नहीं दिया गया। यह दोनों ऑडियो मेरे पास हैं और मैंने एसपी सिटी को दिए हैं।
मानसी या हरिओम आनंद से कभी भी कोई भी दबाव की बात नहीं की गई। सभी कागज लिखा पढ़ी में हैं। मानसी बार-बार फोन पर कह रही थीं कि भैया अब उनका क्या होगा। मैं उसको समझा रहा था कि टेंशन लेने की जरूरत नहीं है मैं तुम्हारे साथ हूं।