सरधना। नगर के ऐतिहासिक रामलीला मैदान पर चल रहे बूढ़ा बाबू मेले का शनिवार को भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर आयोजित एक शाम शहीदों के नाम कार्यक्रम ने लोगों के ह्रदय को देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया।
नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन निजाम अंसारी ने फीता काटा। कलाकारों ने ऐ वतन, वतन मेरे आबाद रहे तू जैसे गीतों पर भावुक कर दिया। तालियों की गड़गड़ाहट और ''भारत माता की जय'' के नारों से वातावरण गूंज उठा। मंच से शहीदों के बलिदान की कहानियां भी साझा की गईं, जिनमें दर्शकों की आंखें नम हो गईं। पूर्व पालिकाध्यक्ष निजाम अंसारी ने कहा कि मेला बूढ़ा बाबू हमारी सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। एक शाम शहीदों के नाम जैसे कार्यक्रमों से नई पीढ़ी को देशभक्ति और अपने कर्तव्यों का बोध होता है। हमें अपने शहीदों को केवल याद ही नहीं करना चाहिए। बल्कि उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प भी लेना चाहिए। पालिका कर्मचारियों को भी उनके योगदान के लिए मंच से सम्मानित किया गया।