संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। अमृत सरोवर फेस-2 के अंतर्गत ब्लॉक क्षेत्र के गांव धामपुर हुसैनपुर में 21 लाख की लागत से अमृत सरोवर का निर्माण होगा। विकास विभाग की ओर से तैयारी शुरू हो गई है। इस मामले में मनरेगा डिप्टी कमिश्नर आरबी यादव ने मंगलवार को ब्लॉक क्षेत्र के सभी ग्राम विकास एवं सहायक विकास अधिकारियों को निर्देशित किया। कहा कि वह राजस्व रिकार्ड को खंगाल लें। कहीं कब्जा है तो उसे मुक्त कराकर अमृत सरोवर फेस टू में शामिल करें।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पूरे जिले में लगभग छोटे-बड़े मिलाकर 10 हजार से अधिक तालाब हैं। अमृत सरोवर फेस-वन में जनपद में 409 अमृत सरोवर तालाब चिह्नित हुए थे। इनमें 399 तालाबों का कार्य पूरा हो चुका है। बाकी पर काम चल रहा है। धामपुर ब्लॉक में 46 अमृत सरोवर तालाब बनाए जा चुके हैं। अमृत सरोवर फेस-टू के अंतर्गत तालाबों को चिह्नित किए जाने के लिए इस बार नियम शर्तें लागू की गईं हैं। ऐसे तालाब जो आबादी के भीतर न हो लेकिन गांव के निकट हों। एक एकड़ से अधिक क्षेत्रफल हो, तो ऐसे तालाबों को अमृत सरोवर-2 में शामिल किया जाएगा। यदि 500 मीटर परिधि के भीतर किसी अन्य तालाब या तलैया में मनरेगा से कार्य हुआ है तो ऐसे तालाबों को अमृत सरोवर नहीं बनाया जा सकता।
- अब तक पूरे जिले में फेस-टू के तहत 20 तालाब चिह्नित
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि पूरे जिले में फेस टू के तहत अब तक 20 तालाबों को चिह्नित किया जा चुका है। इनमें सबसे ज्यादा पांच तालाब मोहम्मदपुर देवमल ब्लॉक में चिह्नित हुए हैं। बाकी अन्य ब्लॉकों में अभी तक एक-एक तालाब चिह्नित हुआ है। जो अपेक्षा से कम है। उन्होंने तालाबों की नियम शर्तों के अंतर्गत संख्या बढ़ाने की निर्देश दिए हैं।
- 18 लाख मनरेगा मद से होंगे खर्च
बताया कि 21 लाख की लागत से बनने वाले अमृत सरोवर तालाब के निर्माण में 18 लाख मनरेगा मद से खर्च होंगे और तीन लाख ग्राम पंचायत निधि से खर्च किए जाएंगे।