तीन घंटे चला कड़ा मुकाबला, अंडर 80 में नरेंद्र और अंडर 70 में चटवाल ने फाइनल जीता
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। अलेक्जेंडर एथलेटिक क्लब में चल रहे मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट में सोमवार को शानदार मुकाबले खेले गए। इसमें मेरठ के अमित संगल ने शानदार प्रदर्शन किया। तीन घंटे चले कड़े मुकाबले में उन्होंने जीत प्राप्त की। इसके अलावा अंडर 80 में नरेंद्र जनवेजा और अंडर 70 में चटवाल ने फाइनल मैच में जीत प्राप्त की। मेरठ के पारस आनंद ने भी शानदार खेल का प्रदर्शन किया। जर्मनी के डोरियन ने भारत के स्वर्णदीप को मात दी।
सोमवार को विक्टोरिया पार्क और अलेक्जेंडर स्थित कोर्ट में मैच खेले गए। प्रतियोगिता में अंडर 80 आयु वर्ग में फाइनल मैच नरेंद्र जनवेजा और टाटावर्ती के बीच हुआ। इसमें नरेंद्र जनवेजा ने 6-2, 6-1 से जीत प्राप्त की। अंडर 70 आयु वर्ग में फाइनल मुकाबले में चटवाल ने तुलसीराम को 7-5, 6-1 से हराया। दोनों विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसके बाद मेरठ के अमित संगल और रणदीप के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों के बीच लगभग तीन घंटे तक मैच चला। इसमें आखिर में अमित संगल ने रणदीप को 6-7, 6-3, 6-4 से हराकर बढ़त बनाई।
पुनीत गुप्ता ने अरुण अग्रवाल को 6-1, 6-0 से हराया। इंग्लैंड के पीटर ने दीपांकर चक्रवर्ती को 6-1, 6-5 से हराया। अजीत भारद्वाज ने मनी मोहन नेहरू को 6-3, 6-4 से मात दी। अशोक रॉय ने ओपी दीक्षित को 6-1, 6-4 से हराया। नागराज ने अनिल कुमार को 6-0, 6-1 से, भानु प्रताप सिंह ने अनिल निगम को 6-1, 6-1 से मात दी। चंद्रभूषण ने सुदेश सिंह को 7-5, 4-6, 6-2 से, रितेश लूथरा ने परमजीत को 6-2, 7-5 से हराया और अगले दौर में प्रवेश किया। मेरठ के पारस आनंद का मुकाबला देर रात तक जारी रहा।