मौसम की मार से श्रद्धालु नहीं होंगे दो-चार
प्रदेश सरकार को सहारनपुर जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर प्राचीन सिद्ध पीठ शाकंभरी देवी मंदिर की सुध आखिरकार आ ही गई। हर साल यहां लाखों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए आते हैं लेकिन सुविधाओं के अभाव में यहां रुकने की सोचते भी नहीं हैं। यही नहीं, बेहट से भूरादेव मंदिर तक का सड़क मार्ग भी संकरा है।
अब श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भूरा देव मंदिर तक के सड़क मार्ग को फोरलेन बनाया जाना है। यहां वाहनों की पार्किंग का भी प्रस्ताव है। भूरादेव मंदिर से शाकंभरी मंदिर तक के डेढ़-दो किलोमीटर के रास्ते को एलिवेटेड किया जाना है।
फिलहाल, प्रयोग में लाए जा रहे रास्ते में दोनों तरफ बरसाती नदी बहती है और इसमें अचानक पानी आने पर दुर्घटनाएं होती हैं। मौसम खराब होने पर लोग यहां जाने से बचते हैं। एलिवेटेड रोड बनने के बाद यह रास्ता सुरक्षित हो जाएगा। इंटेग्रेटेड टूरिज्म डेवलपमेंट प्लान के तहत किए जाने वाले कार्यों में श्रद्धालुओं के लिए दो किलोमीटर के रास्ते में चुनिंदा स्थानों पर वेंडिंग जोन बनाकर जलपान और खानपान की भी व्यवस्था की जाएगी।
कार्य जल्द शुरू होने की उम्मीद
प्रदेश सरकार प्राचीन मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की समस्याओं का समाधान करना चाहती है। विभाग की ओर से प्रस्ताव सरकार को भेजा गया है। काम पूरे होने के बाद श्रद्धालुओं को बदलाव नजर आएंगे।
- अंजू चौधरी, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/