अमर उजाला फाउंडेशन की प्रेरक पहल अपराजिता: 100 मिलियन स्माइल्स के तहत चंद्रशेखर आजाद डिग्री कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने जोश और जज्बे के साथ महिला अपराध के विरुद्ध चुप्पी तोड़ने का संकल्प लिया। जिला पंचायत अध्यक्षा आंचल ने कहा कि बेटियां ईश्वर की वरदान हैं। उत्पीड़न जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ अपराजिता अभियान नई मिसाल बनेगा। गीत, कविता, भाषण और नाटिका के माध्यम से छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से जिला पंचायत अध्यक्षा आंचल ने किया। मुख्य अतिथि आंचल ने कहा कि डरे नहीं, झिझके नहीं और अपने को कमजोर न समझें। देश दुनिया में महिलाओं ने अपनी लगन, प्रतिभा और परिश्रम से ऊंचाईयां हासिल की है। ऐसा कुछ नहीं है, जो बेटियां नहीं कर सकतीं। वे खुद छोटे से परिवार से ताल्लुक रखती हैं। पंचायत चुनाव में नामांकन के वक्त उन्हें राजनीति के बारे में कुछ मालूम नहीं था। जनसहयोग मिला और उन्हें दायित्व निभाने का मौका मिला। इससे पूर्व, छात्रा दीपिका और नीतू ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। संस्था अध्यक्ष एवं जिला पंचायत सदस्य राकेश वशिष्ठ और प्राचार्या डॉ सविता वशिष्ठ ने अतिथियों का बैज लगा कर स्वागत किया। छात्रा शालिनी, दीपिका और रीतिका ने स्वागत गीत गाया। नाटिका बेटी नहीं बचाओगे-बहू कहां से लाओगे, के मंचन से कन्या भ्रूण हत्या बंद करने का संदेश दिया। शिक्षिका मीरा अग्रवाल द्वारा संचालित नाटिका में पायल, आकृति, दीपा, सोनिया, शिवानी, प्रीति और आंचल ने भाग लिया। छात्रा फरहत ने बेटियां की शान में कविता सुनाई। शिक्षिका सत्या वर्मा ने प्रेरक पंक्तियों से छात्राओं को जागरूक किया। प्राचार्या डॉ सविता वशिष्ठ ने कहा कि अपराजिता की मुहिम समाज में सकारात्मक माहौल पैदा करेंगी। शिवानी त्यागी, मोनिका त्यागी, नीरू श्रीवास्तव, प्राची, मोनिका, अतर सिंह, जितेंद्र आर्य, निकिता त्यागी आदि का सहयोग रहा। संचालन सत्या वर्मा ने किया।