- एसपी सिटी ने होटल मालिकों के साथ की ऑन लाइन गोष्ठी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर में एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने होटल संचालकों के साथ ऑनलाइन गोष्ठी कर सुरक्षा व्यवस्था पर जोर दिया। कहा, होटल में ठहरने वाले प्रत्येक व्यक्ति का पूर्ण एवं सही विवरण नियमानुसार होटल रजिस्टर में दर्ज किया जाए तथा वैध पहचान-पत्र लेकर सत्यापन करने के बाद ही कमरा दिया जाए।
एसपी सिटी ने कहा, विदेशी नागरिकों के संबंध में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक विवरण दर्ज कर नियमों का पालन किया जाए। होटल परिसरों में स्थापित सभी सीसीटीवी सही होने चाहिए। होटल परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वार तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के लिए भी निर्देश दिए। होटल संचालकों के संबंध में जारी सुरक्षा गाइडलाइन एवं आवश्यक सावधानियों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा होटल प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था पर जोर दिया।
वहीं दूसरी ओर, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर होटल परिसरों में सघन चेकिंग बम निरोधक दस्ता ने किया। टीपी नगर थाना क्षेत्र के दिल्ली रोड स्थित ऑल हेवंस होटल, शीतल होटल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से चेकिंग की गई। होटल में ठहरे व्यक्तियों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए उनके पहचान संबंधी अभिलेखों एवं होटल रजिस्टर की जांच की गई। सिविल लाइन क्षेत्र के भी संयुक्त चेकिंग टीम द्वारा सघन सुरक्षा जांच की गई। इस दौरान होटल के कमरों, परिसर, पार्किंग क्षेत्र, संदिग्ध वाहनों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों को भी चेक किया गया।