संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। बिनौली रोड स्थित जैन मिलन अस्पताल के बराबर में सामूहिक कब्रिस्तान के गेट पर ताला लगाने, दफीना के नाम पर धनराशि मांगने और कब्रिस्तान की दुकानों पर कब्जे की शिकायत करते हुए नगरवासियों ने पुलिस से जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक सरधना को दिए शिकायत पत्र में आरोप लगाया कि उक्त कब्रिस्तान का इस्तेमाल आसपास के मोहल्लों के मुस्लिम समाज के लोग लंबे समय से अपने मृतकों के दफीना के लिए करते आ रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कुछ लोगों ने कब्रिस्तान पर निजी अधिकार जताते हुए गेट पर ताला लगा रखा है। दफीना के लिए आने वाले लोगों से एक हजार रुपये प्रति जनाजा देने का दबाव बनाया जाता है। धनराशि नहीं देने पर कब्र खोदने और दफीना में बाधा डालने की शिकायत भी की गई है। शिकायत में कहा गया कि दफीना के दौरान मृतक के परिजनों के साथ विवाद और कहासुनी की स्थिति बन जाती है, जिससे नगर की शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
शिकायतकर्ताओं ने कब्रिस्तान के नाम पर मिलने वाले चंदे, दान और दफीना के नाम पर ली जाने वाली धनराशि के आय-व्यय की भी जांच और ऑडिट कराने की मांग की है। नगरवासियों ने राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम से मौके का निरीक्षण कराने, कब्रिस्तान के गेट पर लगे अनधिकृत ताले को हटवाने और आम लोगों को नियमानुसार दफीना की सुविधा सुनिश्चित कराने की मांग की है।
शिकायत में कहा कि कब्रिस्तान की भूमि को निजी संपत्ति बताकर बेचने, कब्जा करने या किसी तीसरे पक्ष को हस्तांतरित करने का प्रयास हो तो उसकी जांच कर तत्काल रोक लगाई जाए। शिकायत करने वालों में नौशाद, अय्यूब, रियाजुद्दीन, सलीम, आरिफ, नदीम, गुलफाम, फैजान, शब्बीर, अकलीम, परवेज आदि शामिल रहे।