हस्तिनापुर। क्षेत्र के गांव खेड़ी कला में गंगा नदी, नाला और बंजर भूमि सहित करीब 158 हेक्टेयर ग्राम समाज की भूमि पर भूमाफिया द्वारा अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी मवाना संतोष कुमार को ज्ञापन दिया। ग्रामीणों ने मांग की कि सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराकर मुख्यमंत्री के वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत वहां पौधरोपण कराया जाए।
ग्रामीण वीरपाल, अमन कुमार, अजय, कपिल, अभिषेक आदि ने बताया कि हस्तिनापुर वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली एलएमसी और ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे लगातार बने हुए हैं। यह भूमि केवल वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए आरक्षित है। ज्ञापन में गंगा नदी से संबंधित कुल 151 हेक्टेयर भूमि का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा नाले की 3.5 हेक्टेयर और बंजर भूमि की 3.58 हेक्टेयर सरकारी जमीन पर भी अवैध कब्जे बताए गए हैं। ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रमुख सचिव (वन) व अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है।