संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना क्षेत्र के कुशावली गांव में सरकारी रास्ते पर अवैध कब्जा और पेड़ काटने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने एसडीएम सरधना को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी हरिदत्त का आरोप है कि गांव के ही लोगों ने सरकारी रास्ते पर पॉपुलर के पेड़ लगाकर कब्जा कर रखा था। आरोप है कि इन लोगों ने चोरी-छिपे पेड़ों को काट दिया, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा। पीड़ित के अनुसार पेड़ों की जड़ों के कारण रास्ता पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हरिदत्त का कहना है कि विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए तथा रास्ते से पेड़ों की जड़ों को हटवाकर सरकारी मार्ग को जल्द बहाल कराया जाए। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने नायब तहसीलदार को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।