संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। गांव सलावा के तीन ग्रामीणों ने सरकारी नाली पर अवैध कब्जे के प्रयास और रास्ता अवरुद्ध करने का आरोप लगाते हुए एसडीएम सरधना से शिकायत की है। साथ ही विरोध करने पर जान-माल की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है।
ग्रामीण रवींद्र कुमार, महेश कुमार और सतवीर ने तहसील में दिए शिकायत पत्र में बताया कि गांव की सरकारी सड़क के किनारे बनी नाली से उनके घरों के पानी की निकासी होती है। आरोप है कि गांव के कुछ लोग नाली पर निजी हक जताकर पानी की निकासी में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि जब भी वह नाली में पानी की निकासी का प्रयास करते हैं तो आरोपी लोग गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि नाली अवरुद्ध होने से जलभराव और गंदगी की समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने एसडीएम से मामले की जांच कर सरकारी नाली को हस्तक्षेप मुक्त कराने और पानी की निकासी सुचारू कराने की मांग की है। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने नायब तहसीलदार को मामले की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।