सरधना। जुल्हेड़ा गांव निवासी किसान चंद्रकेतु त्यागी ने पड़ोसी खेत से अत्यधिक मिट्टी उठाए जाने के कारण अपने खेत की मेढ़ टूटने और फसल को नुकसान होने का आरोप लगाया है। किसान ने एसडीएम सरधना से शिकायत करते हुए मौके का निरीक्षण कराकर मिट्टी उठान तत्काल बंद कराने की मांग की है।
एसडीएम को दिए प्रार्थना पत्र में किसान ने बताया कि उसके खेत के बराबर में राजस्व अभिलेखों में दर्ज एक अन्य खेत है। आरोप है कि उक्त खेत के बराबर स्थित जमीन से मिट्टी उठाने का काम किया जा रहा है। किसान के अनुसार, निर्धारित सीमा से अधिक गहराई तक मिट्टी उठाए जाने के कारण उसके खेत की ओर की मेढ़ कमजोर होकर टूट गई है। किसान का कहना है कि मेढ़ टूटने से उसके खेत में पानी भरने की स्थिति बन रही है। इससे खेत में खड़ी फसल को नुकसान पहुंच रहा है। किसान ने एसडीएम से मांग की है कि मौके पर जांच कराकर यदि मिट्टी का अवैध उठान पाया जाता है तो उसे तत्काल बंद कराया जाए और खेत की मेढ़ तथा फसल को हो रहे नुकसान से बचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने राजस्व टीम को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।