संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कालंदी गांव में रजबहे के पुल के पास स्थित प्राचीन प्याऊ स्थल पर कब्जे का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की है। ग्रामीणों का कहना है कि इसी स्थल पर वर्षों से कांवड़ सेवा शिविर लगाया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में शिवभक्त ठहरते हैं। कब्जे के चलते इस बार कांवड़ शिविर और भंडारे की व्यवस्था करने में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने एसडीएम सरधना को दिए शिकायत पत्र में बताया कि कालंदी रजबहे के पुल के पास प्राचीन प्याऊ स्थित है। यहां ग्रामीण कई वर्षों से कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा शिविर लगाते आ रहे हैं। शिविर में कांवड़ियों के ठहरने के साथ उनके लिए भोजन और अन्य व्यवस्थाएं की जाती हैं। आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से गांव निवासी ने प्याऊ स्थल पर कब्जा कर लिया है। ग्रामीणों के अनुसार कई बार समझाने के बावजूद स्थल खाली नहीं किया गया। विरोध करने पर गाली-गलौज और झगड़े पर आमादा होने के साथ झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगता है।
ग्रामीणों ने बताया कि कांवड़ यात्रा नजदीक होने के कारण शिविर और भंडारे की तैयारियां की जानी हैं, लेकिन प्याऊ स्थल पर कब्जे के कारण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने एसडीएम से मामले की जांच कराकर प्याऊ स्थल को कब्जामुक्त कराने की मांग की है।
इस मौके पर महेश सोम, अमित कुमार, रामभूल, जीत सिंह, विनय, दीपक, महीपाल समेत कई ग्रामीण शामिल रहे। एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने तहसील टीम को गठित कर जांच के बाद कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।