बाइक स्लिप होने से घायल नितिन। (मवाना)
मवाना। गांव मवाना खुर्द बाईपास पर टोल प्लाजा के पास एक वाहन को बचाने के चक्कर में बाइक फिसलने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। एनएचएआई कर्मियों ने एंबुलेंस की मदद से उसे सीएचसी में भर्ती कराया। बृहस्पतिवार की दोपहर बहसूमा निवासी नितिन मेरठ की ओर से बाइक पर घर लौट रहा था। वह मवाना खुर्द बाईपास टोल के पास पहुंचा तो तभी सामने से आए वाहन से बचने के प्रयास में बाइक का पहिया फिसल गया। हादसे में नितिन सड़क पर गिरकर घायल हो गया। सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।