रोहटा। पूठखास गांव के ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन्होंने खलिहान की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कॉलोनी काटकर उसे बेचना शुरू कर दिया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने सोमवार को जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
शिकायत करने वालों में चमन तोमर, विपिन कुमार, राजेंद्र, दीपक, मिंटू, अंकित, राजीव कुमार, रविंद्र कुमार, गौरव गिरी और योगेश गिरी सहित कई ग्रामीण शामिल रहे। उन्होंने शिकायत पत्र में बताया कि ग्राम प्रधान खलिहान की सरकारी भूमि पर कॉलोनी काटकर भूखंडों की बिक्री कर रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान अपने पद का दुरुपयोग करते हुए सरकारी संपत्ति को निजी लाभ के लिए इस्तेमाल कर रहा है, जिससे ग्राम सभा और सरकार को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि उक्त खसरा नंबर में चरागाह और शिव मंदिर की भूमि भी स्थित है, जिसे नजरअंदाज करते हुए ग्राम प्रधान ने कॉलोनी विकसित करना शुरू कर दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने करीब 15 दिन पहले भी इसी मामले में जिलाधिकारी को शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई न होने से नाराज ग्रामीणों ने एक बार फिर सामूहिक रूप से जिलाधिकारी को हस्ताक्षर युक्त शिकायत पत्र सौंपा और शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वह सामूहिक रूप से आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।