कब्रिस्तान की भूमि पर ईदगाह के निर्माण का फोटो (शिकायतकर्ता)
खरखौदा। गांव खंदावली में ग्राम प्रधान द्वारा पंचायत निधि से कब्रिस्तान में ईदगाह का निर्माण कराए जाने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत की है।
सोमवार को गांव खंदावली निवासी आदेश कुमार, विनय त्यागी, अनुराग त्यागी, मोनू त्यागी, विपिन व अंकित त्यागी सहित कई ग्रामीण जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव में खसरा संख्या 633 रकबा करीब 4100 स्क्वायर मीटर में कब्रिस्तान दर्ज है लेकिन मौके पर कब्रिस्तान की जमीन काफी कम है।
ग्रामीणों का आरोप है कि कब्रिस्तान की भूमि में रास्ता व कई लोगों का कब्जा भी है। मुस्लिम समुदाय जब अंतिम संस्कार करने के लिए कब्रिस्तान में पहुंचता है तो वहां नमाज पढ़ने के लिए जगह बहुत कम है। आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा पंचायत निधि का दुरुपयोग करते हुए कब्रिस्तान के अंदर ही ईदगाह का निर्माण कराया जा रहा है। मौके पर यह खसरा संख्या मुख्य मार्ग से न मिलने के कारण विवादित बना हुआ है। इस निर्माण के चलते गांव में दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति है। इस कारण कभी भी मामला बिगड़ सकता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि अवैध निर्माण को रुकवा कर गांव में शांति स्थापित करने के आदेश दिए जाएं।
वर्जन....
कब्रिस्तान की भूमि में ईदगाह का निर्माण नहीं कराया जा रहा। मुस्लिम समाज के लिए जनाजा रखने को चबूतरे का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए ग्राम पंचायत की बैठक में इसका प्रस्ताव रखने के बाद इसे निर्माण कार्य की योजना में शामिल किया गया है। -सोनिया सैनी, ग्राम प्रधान, खंदावली