संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इसके बाद आरोपी पक्ष ने पीड़ित के घर में घुसकर परिवार पर लाठी-डंडों व धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों पर युवती के कपड़े फाड़ने का भी आरोप है। पीड़ित ने थाने पर तहरीर देते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
लिसाड़ी गेट थाने पर दी पीड़ित पक्ष के युवक ने तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह उसका भाई घर से बाहर निकला था। आरोप है कि आरोपी सुहैब और परवेज ने उसे देखकर गाली-गलौज की और जानबूझकर विवाद करने लगे। युवक जान बचाने के लिए घर में घुस गया। आरोप है कि दोनों युवक पहले से योजना बनाकर आए थे और अपने साथ आधा दर्जन से अधिक हमलावर लेकर पीड़ित के घर में जबरन घुस गए। आरोपियों ने पूरे परिवार पर लाठी-डंडों, सरिये और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में परिवार के सदस्य घायल हो गए। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।