मवाना। मोहल्ला काबलीगेट निवासी मजदूरों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है।पीड़ितों ने थाना अध्यक्ष को तहरीर देकर आरोपी ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।
पिंकी, अब्दुल कलाम, सोनू ने थाने में दी तहरीर में बताया कि आवास योजना की पहली किस्त मिलने के बाद उन्होंने मकान निर्माण के लिए हस्तिनापुर के मखदूमपुर कॉलोनी निवासी ठेकेदार को काम सौंपा था। ठेकेदार ने कई लोगों से एडवांस के रूप में कुल 1,18,300 रुपये नकद ले लिए। पैसे लेने के बाद ठेकेदार ने थोड़ा सा काम किया और फिर काम पूरी तरह बंद कर दिया। उससे रुपये वापस मांगे तो ठेकेदार उन्हें लगातार झूठे आश्वासन दे रहा है। पीड़ितों का आरोप है कि ठेकेदार उनकी गाढ़ी कमाई हड़पना चाहता है और पैसे मांगने पर उनके मोबाइल छीनने का झूठा आरोप लगाने की धमकी दे रहा है। आरोपी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया का कहना है कि पुलिस जांच कर रही है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।