मेरठ। सुभारती विश्वविद्यालय में एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटी की ओर से शुक्रवार को ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी किक बॉक्सिंग महिला व पुरुष वर्ग चैंपियनशिप शुरू होगी। पांच दिवसीय प्रतियोगिता में देश के कई शहरों से पहुंचने वाले बॉक्सर रिंग में उतरेंगे।
पिछले काफी समय से विश्वविद्यालय में किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां चल रही थीं। इसका शुभारंभ मांगल्य प्रेक्षागृह में किया जाएगा। संयोजक व शारीरिक शिक्षा विभागाध्यक्ष डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि इस आयोजन में देशभर से लगभग 100 से अधिक विभिन्न विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने बताया कि किक बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए विश्वविद्यालय के जनरल मोहन सिंह खेल मैदान में रिंग बनाया गया है। सुभारती विवि परिसर इस समय खेलों के रंग में रंगा है। हर कोई उत्साहित है। अगले पांच दिन खेल प्रेमी रिंग में प्रतिभागियों का दमखम देखेंगे।