मेरठ। अलेक्जेंडर क्लब का चुनाव रविवार को है। इस चुनाव से प्रतिष्ठा को जोड़ते हुए उद्यमी और व्यापारी संगठन जमकर प्रचार कर रहे हैं। वोट पाने के लिए सदस्यों को महंगी शराब और खाने सहित लाखों रुपये खर्च करने की चर्चाएं हैं। दोनों पैनल के प्रत्याशियों का एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी जारी है। शुक्रवार को परिवर्तन परिवार ने एडीएम सिटी से फर्जी वोट रोकने की मांग करते शिकायती पत्र दिया। एडीएम सिटी ने चुनाव अधिकारी के साथ अपर नगर मजिस्ट्रेट और सीओ सदर कैंट भी मौजूद रहेंगे।
क्लब के अध्यक्ष जिलाधिकारी हैं। चुनाव प्रचार में समर्थन के लिए पहली बार विभिन्न सामाजिक संगठनों की भी बैठकें हो रही हैं। दोनों पैनल प्रेस नोट जारी कर रहे हैं। इनकी ओर से बड़े होटलों में प्रचार कार्यक्रम हो रहे हैं। शुक्रवार को गंगानगर में ट्रस्टेड एंड टेस्टेड पैनल की ओर से एक होटल में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सभी वोटरों को एकजुट होने का संदेश दिया गया। इस दौरान उपाध्यक्ष प्रत्याशी शुभेंद्र मित्तल, सचिव प्रत्याशी अंकुर जग्गी, कोषाध्यक्ष प्रत्याशी अजय अग्रवाल, सहित सभी कमेटी सदस्य रहे।
वहीं, दूसरे पैनल परिवर्तन परिवार ने गढ़ रोड, शास्त्रीनगर, साकेत, सदर, आबूलेन, सूजरकुंड में जनसंपर्क किया हैं। इस दौरान उपाध्यक्ष प्रत्याशी जेपी अग्रवाल, सचिव प्रत्याशी संजय कुमार अग्रवाल, कोषाध्यक्ष प्रत्याशी राहुल दास सहित पूरी टीम मौजूद रहे।
पारदर्शिता के साथ होगा चुनाव : एडीएम सिटी
परिवर्तन परिवार ने चुनाव में फर्जी वोट की आशंका जताते हुए एडीएम सिटी से शिकायत की। आरोप लगाया कि नाबालिग को क्लब का सदस्य बनाया गया है, जो वोट कर सकते हैं। इस मामले में एडीएम सिटी बृजेश सिंह का कहना है कि पारदर्शिता के साथ चुनाव संपन्न कराया जाएगा। फर्जी वोटिंग नहीं होने देंगे। चुनाव अधिकारी के साथ अब प्रशासनिक अधिकारी भी मतदान के दिन क्लब में मौजूद रहेंगे।