मेरठ पुलिस को ढाई लाख के इनामी बदन सिंह बद्दो समेत 90 बदमाशों की तलाश है। लेकिन लगातार तीन मुठभेड़ों के बाद अब बड़ा सवाल है कि इनमें से कौन पुलिस के टारगेट पर है। वहीं, चंदौसी में पुलिसकर्मियों की हत्या कर तीन बदमाशों के कस्टडी से फरार होने के बाद वेस्ट यूपी में अलर्ट जारी किया गया है।
पिछले पांच दिनों में दस बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में पैरों में गोली मारी। दौराला सर्किल में चार बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर किया है। जिसके बाद अब पुलिस ने जिले के इनामी बदमाशों का रिकार्ड खंगाला है। कई जगहों पर बदमाशों की तलाश में दबिश भी दी। पुलिस के एक्टिव होने पर बदमाश फरार हैं।
पुलिस के अनुसार मोस्ट वांटेड़ बदन सिंह बद्दो, मोनू अछरौंडा, संजीव पकौड़ी, नजाकत उर्फ पप्पू, आशु काजीपुर, विजय धामा समेत कई इनामी बदमाशों से पीड़ित परिवार दहशत में हैं।
'बद्दो' की फरारी के चलते पुलिस ने पांच परिवार, मोनू की फरारी से दो, संजीव पकौड़ी की फरारी से दो, नजाकत की फरारी से तीन, आशु काजीपुर की फरारी से आठ और विजय धामा की फरारी के बाद से तीन परिवारों को सुरक्षा दे रखी है।
दूसरे जिले के 5 बदमाश भी रडार पर
बदन सिंह बद्दो पर 2.50 लाख, मोनू अछरौंड़ा, नजाकत उर्फ पप्पू, संजीव पकौड़ी और आशु काजीपुर पर 50-50 हजार, विजय धामा पर 20 हजार इनाम है। वहीं इरफान, प्रदीप भी इनामी है। ताबड़तोड़ एनकाउंटर कर रही मेरठ पुलिस इनके अलावा दूसरे जिले के इनामी या फिर वांछित बदमाशों को भी ढूंढने में लग गई।
बुधवार को सीओ दौराला और पल्लवपुरम पुलिस ने शामली से वांछित चल रहे दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद दबोचा। बड़ा सवाल है कि बड़े इनामियों में कौन बदमाश अब पुलिस के टारगेट पर है। दूसरे जिले के पांच बदमाश भी पुलिस के निशाने पर बताए जाते हैं।
हमारी नजर इनामी बदमाशों पर
मुठभेड़ में पुलिस बदमाशों को सीधा जवाब दे रही है। इनामी बदमाशों पर शिकंजा कसा जा रहा है। दूसरे जिलों के इनामी बदमाशों पर भी नजर है। चंदौसी की घटना के बाद जोन में अलर्ट किया है। -प्रशांत कुमार, एडीजी मेरठ जोन