कानून व्यवस्था बिगड़ी तो सेना संभालेगी कमान
अयोध्या प्रकरण पर फैसला आने के बाद यदि कहीं कानून व्यवस्था बिगड़ती है तो सेना कमान संभालेगी। इस संबंध में बृहस्पतिवार को कैंट स्थित सब एरिया मुख्यालय सभागार में सेना और पुलिस-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त बैठक कर सुरक्षा योजना को साझा किया।
सिविल और सैन्य प्रशासन के बीच यह बैठक कमिश्नर अनीता सी. मेश्राम और पश्चिमी यूपी के जीओसी पीएस साईं की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य रुप से अयोध्या प्रकरण को लेकर सुरक्षा संबंधी, कानून व्यवस्था, अतिक्रमण, यातायात प्रबंधन व आर्मी क्लीनिक्स आदि प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा की गई।
कमिश्नर और आईजी रेंज आलोक सिंह ने सैन्य अधिकारियों को सभी बिंदुओं पर जिला प्रशासन की ओर से सहयोग करने के लिए आश्वस्त किया। वहीं, पश्चिमी यूपी के जीओसी ने भी आश्वासन दिया कि सैन्य प्रशासन द्वारा आवश्यक सहयोग दिया जाएगा। तय हुआ कि बेहतर समन्वय और तालमेल बनाए रखने के लिए सेना और जिला प्रशासन की ऐसी बैठकें नियमित तौर पर होती रहेंगी।