सुबह-शाम हवा में स्मॉग, गाजियाबाद का AQI सबसे अधिक
बुधवार को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग शहरों में वायु गुणवत्ता का स्तर अलग-अलग दर्ज किया गया। मेरठ का एक्यूआई 193 रहा, जबकि बागपत में यह बढ़कर 209 दर्ज किया गया। गाजियाबाद में एक्यूआई 228 तक पहुंच गया। वहीं, मुजफ्फरनगर में एक्यूआई 127 दर्ज किया गया।
इन आंकड़ों के मुताबिक, चारों शहरों में गाजियाबाद का प्रदूषण स्तर सबसे अधिक रहा। सुबह और शाम के समय हवा में स्मॉग का असर ज्यादा दिखाई दे रहा है। दिन में धूप निकलने के बाद वातावरण में कुछ राहत महसूस हो रही है, लेकिन सुबह और सूर्यास्त के बाद प्रदूषण का प्रभाव बना हुआ है।
दिन में धूप से राहत, सूर्यास्त के बाद बढ़ रही ठंड
मौसम में बदलाव का असर दिन और रात के तापमान में साफ नजर आ रहा है। सुबह हल्की ठंड महसूस हो रही है, लेकिन दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है। इसके विपरीत, सूर्यास्त के बाद तापमान में गिरावट आने से ठिठुरन बढ़ जाती है।
रात के न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। यह 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। ऐसे में सुबह और देर रात बाहर निकलने वाले लोगों को ठंड का अधिक एहसास हो रहा है।
अगले दो-तीन दिन प्रदूषण में उतार-चढ़ाव के आसार
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। आगामी दो से तीन दिनों तक प्रदूषण के स्तर में इसी तरह उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। सुबह और शाम के समय प्रदूषण से राहत मिलने की उम्मीद कम है।
वहीं, रात के तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। इससे आने वाले दिनों में सर्दी का असर बढ़ सकता है। दिन में धूप के कारण कुछ राहत जरूर मिलेगी, लेकिन सुबह और शाम के समय ठंड तथा स्मॉग का प्रभाव बना रहने के आसार हैं।