केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना के विरोध में मेरठ में सोमवार को युवाओं ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया। इस दौरान एक्सप्रेस-वे से आने-जाने वाले वाहन चालकों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर भारी पुलिस-फोर्स और खुफिया तंत्र मौके पर पहुंचा और तुरंत ही रूट डायवर्जन कर हंगामा कर रहे युवाओं को तितर-बितर किया।
गौरतलब है कि अग्निपथ योजना के विरोध में सोमवार को युवाओं का दिल्ली कूच करने का कार्यक्रम था लेकिन खुफिया तंत्र की सक्रियता के चलते परतापुर क्षेत्र में कहीं भी प्रदर्शनकारी एकत्र नहीं हो सके। हालांकि कड़े पहरे के बावजूद आज दोपहर गाजियाबाद क्षेत्र के गांव सैदपुर, मुरादाबाद, चुड़ियाला, धनतला व डीलना निवासी तकरीबन 50-60 युवाओं ने गाजियाबाद के थाना भोजपुर की सीमा के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे पर पहुंचकर जाम लगा दिया और सरकार विरोधी नारे लगाकर हंगामा करने लगे। पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर उन्हें वहां से खदेड़ना पड़ा।