जीत के बाद ऑडी में घर जाते प्रधान
ग्राम प्रधान का चुनाव भी आज के समय में कोई छोटा चुनाव नहीं रहा। इस बात का अंदाजा इसी खबर से लगाया जा सकता है। यहां चुनाव जीतने पर ग्राम प्रधान को उनके समर्थक लक्जरी कार ऑडी से उनके घर लेकर गए।
मेरठ में ग्राम नरहाड़ा के प्रधान पद उप चुनाव में पूर्व प्रधान रणवीर सिंह के बेटे कौशल कुमार भड़ाना विजयी रहे। कौशल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मोहम्मद आसिफ उर्फ मुन्ना को 270 वोटों से हराया। चुनाव जीतने पर उनके समर्थक लक्जरी कार ऑडी से उनके घर लेकर गए। चुनाव में तीन प्रत्याशियों के लिए कुल 3666 मतदाताओं में से 2863 मतदाताओं ने मतदान किया। सोमवार को हुई मतगणना में पूर्व प्रधान रणवीर सिंह के पुत्र कौशल भड़ाना को 1492, मो. आसिफ उर्फ मुन्ना को 1222 और नवाब पहलवान को मात्र 16 वोट मिले। कुछ वोट निरस्त भी हुए। कौशल भड़ाना को कुल पड़े मतों का 52 प्रतिशत वोट प्राप्त हुआ। जीत के बाद कौशल कुमार के समर्थकों ने दिल्ली रोड स्थित ब्लाक मुख्यालय से गांव तक विजयी जुलूस निकाला। कौशल कुमार ने कहा कि विकास कार्यक्रम ईमानदारी से किए जाएंगे।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/